

बिलासपुर। बिलासपुर में कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालय संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति पर असर के चलते तेल कंपनियों ने एहतियात के तौर पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है।
बताया जा रहा है कि तीनों ऑयल कंपनियों ने गैस एजेंसियों को मौखिक रूप से निर्देश दिया है कि फिलहाल होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों को कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सीमित कर दी जाए। वहीं शहर में बॉटलिंग प्लांट से कॉमर्शियल सिलेंडरों की गाड़ियां भी नहीं पहुंच रही हैं। ऐसे में एजेंसियां अपने पास मौजूद सीमित स्टॉक से ही आपूर्ति कर रही हैं।
करीब 2 हजार प्रतिष्ठानों पर असर
जिले में करीब दो हजार होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालय कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों पर निर्भर हैं। सामान्य दिनों में इन प्रतिष्ठानों में रोजाना करीब 8 हजार कॉमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है। लेकिन फिलहाल नई सप्लाई नहीं आने से संचालकों की चिंता बढ़ गई है।
कीमतों में भी हुआ इजाफा
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। जानकारी के अनुसार घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 114.50 रुपये तक बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही गैस बुकिंग की अवधि भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां 21 दिन बाद नई बुकिंग की जा सकती थी, अब इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। वहीं डिलीवरी का समय भी 24 घंटे से बढ़ाकर करीब 5 दिन कर दिया गया है।
जरूरी सेवाओं को मिल रही आपूर्ति
फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर ने बताया कि कंपनियों ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है। हालांकि अस्पताल, सेंट्रल किचन और शैक्षणिक संस्थानों जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति जारी रखी गई है।
घरेलू गैस की कालाबाजारी का खतरा
कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति सीमित होने से घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। आशंका है कि कुछ लोग घरेलू सिलेंडर अधिक कीमत पर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को बेच सकते हैं।
सुभाष जायसवाल ने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों की गाड़ियां नहीं आ रही हैं। एजेंसियां अपने पास मौजूद स्टॉक के आधार पर ही आपूर्ति कर रही हैं और आगे की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
