

बिलासपुर। बिलासपुर में पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक मीडिया कर्मी के साथ कार्ड से भुगतान करने की बात पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि कर्मचारियों ने लोहे के चूड़े से हमला कर उसे घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कस्तूरबा नगर निवासी मनोज कुमार पात्रे एक मीडिया संस्थान में कार्यरत हैं। रविवार रात करीब 11 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वे अपनी बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए भाटिया पेट्रोल पंप पहुंचे थे। वहां तैनात कर्मचारी मनीष दिवाकर से उन्होंने कार्ड से भुगतान करने की बात कही, जिस पर उसने मना कर दिया।
बताया जा रहा है कि जब मनोज ने इस बात की शिकायत मैनेजर से करने के लिए फोन निकाला तो आरोपी भड़क गया और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दूसरा कर्मचारी राजा राम भी मौके पर पहुंच गया और हाथ में पहने भारी लोहे के चूड़े से मनोज पर हमला कर दिया।
हमले में मनोज को चोट आई और उनकी कलाई घड़ी भी टूटकर गिर गई। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद मनोज ने अपने बड़े भाई अनिल को जानकारी दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
