

बिलासपुर। बिलासपुर में एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 8 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोरबा निवासी महिला की पहचान वर्ष 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पवन यादव से हुई थी। आरोपी पामगढ़ का रहने वाला है। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद शादी करने की सहमति बनी और वर्ष 2024 में दोनों की मुलाकात बिलासपुर में हुई। इसके बाद दोनों के बीच लगातार मुलाकातें होने लगीं।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला से मिलने के लिए उसे हर बार बिलासपुर बुलाता था। दोनों अक्सर तोरवा क्षेत्र के एक होटल में रुकते थे। इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उस पर भरोसा कायम कर लिया।
आरोपी ने महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए 3.5 लाख रुपये नकद ले लिए। बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर उसने महिला से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर भी ले लिए। इस तरह आरोपी ने महिला से कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये ठग लिए।
महिला के अनुसार आरोपी ने पैसे और जेवर लेने के बाद शादी से मुकरते हुए दूरी बना ली। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत तोरवा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
