

बिलासपुर। बिलासपुर में नाबालिगों और युवाओं को हुक्का के जरिए नशा परोसने की शिकायत पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान होटल की छत से हुक्का पॉट, फ्लेवर तंबाकू और अन्य नशे का सामान बरामद किया गया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में फिलहाल होटल के मैनेजर के खिलाफ ही कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार होटल शिवा इन में अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने की सूचना पर चकरभाठा थाना पुलिस ने रविवार रात अचानक छापा मारा। जांच के दौरान होटल की छत पर अवैध रूप से रखे 12 हुक्का पॉट, चिलम, पाइप, स्टैंड, कोल हीटर, कोको जेल के पैकेट और तंबाकू युक्त फ्लेवर बरामद किए गए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों में हुक्का पी रहे युवकों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि होटल का मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस को मौके से 5 हजार रुपये नकद समेत करीब 55 हजार रुपये का नशे का सामान जब्त हुआ।
बताया जा रहा है कि होटल में आने वाले लोगों से हुक्का पिलाने के लिए 500 से 1000 रुपये प्रति व्यक्ति तक वसूले जाते थे। पुलिस को मौके पर इस संबंध में कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार होटल के मालिक यशवंत सराफ द्वारा पहले भी बिना लाइसेंस अवैध बार संचालन की शिकायत सामने आ चुकी है। बताया जाता है कि होटल में आने वाले युवकों और नाबालिगों को कमरों में रूम सर्विस के जरिए हुक्का और शराब तक परोसी जाती थी, जिसके कारण यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
