

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि उनका एक साथी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने चोरी गए सामान का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया है।
मामला इमलीभाठा स्थित एकता समिति शिव मंदिर के पास रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी सरोज कुमार साहू के घर का है। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 2 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे वे परिवार के साथ होली मनाने अपने पैतृक गांव लखनपुर चले गए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर गेट फांदकर घर में घुसे और कटर व अन्य औजारों से कमरों के ताले तोड़ दिए।
6 मार्च को जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और पूजा कक्ष में रखी अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, टीवी, स्मार्ट वॉच और 22 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित ने करीब 2 लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद सरोज साहू की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण वे तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे सके। बाद में उन्होंने गवाह मनीष कौशिक और राजू साहू के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इस दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी हुए जेवरों में से करीब आधा सोना नकली निकला। पुलिस ने चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
