

बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में चकरभाठा पुलिस ने होटल की छत पर चल रहे अवैध हुक्का संचालन पर छापेमार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान होटल की छत पर हुक्का संचालन करते हुए आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) निवासी बोदरी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, प्लास्टिक डिब्बों में रखे तंबाकू युक्त फ्लेवर तथा 5 हजार रुपये नगद सहित करीब 55 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।
