बिलासपुर में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, चाकूबाजी की भी चर्चा, वीडियो वायरल

शशि मिश्रा


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। यहां दो गुटों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, इसके बाद देखते ही देखते झापड़, लात और घूंसों की बरसात शुरू हो गई। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बहतराई स्टेडियम के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच पहले बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान जमकर झापड़, लात और घूंसों से मारपीट हुई।


घटना के दौरान कुछ युवकों द्वारा पत्थरबाजी भी किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं चाकू निकालने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर झापड़, लात-घूंसों से हमला कर रहे हैं और पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है और वीडियो के आधार पर शामिल युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!