रतनपुर पुलिस की सख्ती से बढ़ा महिलाओं का भरोसा, बेलतरा की महिलाएं पहुंचीं थाना

यूनुस मेमन


रतनपुर। अवैध शराब और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब गांवों में साफ दिखाई देने लगा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से प्रभावित होकर रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं शनिवार को थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी से मुलाकात कर अभियान की सराहना की।
महिलाओं ने थाना प्रभारी निलेश पांडे से मिलकर बताया कि उनके नेतृत्व में अवैध शराब और गांजा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने “चेतना विरुद्ध नशा” अभियान की प्रशंसा करते हुए इस मुहिम का हिस्सा बनने का प्रस्ताव भी रखा।
महिलाओं ने बताया कि रतनपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में पुलिस की पहल पर महिलाओं की टीम बनाकर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इन टीमों के माध्यम से महिलाएं अपने-अपने गांवों में अवैध शराब बेचने वालों की जानकारी पुलिस को दे रही हैं, जिसके बाद पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इस पहल के कारण कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री बंद हो चुकी है।


बेलतरा गांव की महिलाओं ने भी अपने गांव में इसी तरह महिला समूह बनाकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की, ताकि गांव का वातावरण सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी निलेश पांडे ने बताया कि रतनपुर थाना क्षेत्र के प्रत्येक गांव में महिलाओं की टीम बनाकर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं, जिससे अवैध शराब कारोबारियों पर दबाव बना है और कई जगह यह अवैध धंधा पूरी तरह बंद हो गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आगे आने से गांवों का माहौल सकारात्मक हो रहा है। पहले शराब पीकर घर आने वाले लोगों के कारण महिलाओं में असुरक्षा की भावना रहती थी, लेकिन अब इस अभियान से महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!