
शशि मिश्रा

आपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान चलाकर आरपीएफ की टीम ने यात्री की शिकायत पर ट्रेनों में सघन जांच करते हुए साढ़े 6 लाख के चोरी के जेवरात सहित आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से जेवरात जब्त करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड और एसईसीआर के आरपीएफ महानिरीक्षक के आदेश पर जोन के तीनों डिवीजन बिलासपुर, रायपुर और नागपुर में आपरेशन सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों के सामानों की चोरी की शिकायत पर जीआरपी के साथ आरपीएफ की टीम भी सभी ट्रेनों के अलावा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया में छानबीन करते हुए आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। इसी तरह की शिकायत 11754 रींवा से इतवारी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस में मिली। यात्री एसी कोच बी 3 के बर्थ नम्बर 12, 15 पर अपने परिजन सहित सफर कर रहे थे। इस दौरान यात्री की नींद खुली तो उसने बर्थ के नीचे रखा हुआ बैग गायब देखा। बैग के अंदर रखे ज्वेलरी बॉक्स में करीब 6 लाख 68 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। यात्री ने इसकी शिकायत जीआरपी में की, जिसे क्षेत्राधिकार के आधार पर दूसरे स्टेशन के जीआरपी को शून्य में ट्रांसफर कर
दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ के सीनियर डीएससी आदेश पर लोकल पुलिस से सहयोग लिया गया। इस दौरान आरोपियों की खोजबीन करने के लिए विशेष टास्क टीम एवं क्राइम ब्रांच टीम का गठन किया गया। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की पहचान करने के बाद दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों एवं आसपास के प्रमुख स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया गया। आधार कार्ड और मोबाइल नम्बर के आधार पर लोकेशन ट्रेन पर मप्र के कटनी व मैहर क्षेत्र में आरोपियों के होने की जानकारी मिली।
आरपीएफ की टीम ने कटनी पहुंचकर संबंधित स्टेशन के आरपीएफ व लोकल पुलिस के सहयोग से आरोपी रायबरेली उत्तरप्रदेश निवासी संतोष कौशल 40 साल, बेंगूसराय बिहार निवासी गोविंद कुमार महतो 32 साल, मुंगेर बिहार निवासी टुन्ना मंडल और बेगूसराय निवासी मोहम्मद इम्तियाज 48 साल को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द किया गया।
