
आकाश मिश्रा

मुंगेली। होली के दौरान एक बेजुबान कुत्ते के साथ क्रूरता कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 मार्च 2026 को प्रार्थी आकाश साहू (20 वर्ष) निवासी धनियाडोली, चौकी डिंडौरी थाना चिल्फी ने चौकी डिंडौरी में शिकायत दर्ज कराई कि 04 मार्च 2026 को होली मनाने के दौरान कुछ युवकों ने एक कुत्ते को कपड़ा पहनाकर उस पर रंग-गुलाल और कलर स्प्रे उसके आंख और मुंह में डाल दिया तथा डंडे, हाथ और मुक्के से मारपीट कर उसके साथ क्रूरता की। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम में अपलोड कर दिया, जिससे आम लोगों में आक्रोश फैल गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी तरुण कुमार साहू, लक्ष्मण साहू और प्रकाश साहू सभी निवासी धनियाडोली के खिलाफ अपराध क्रमांक 30/26 धारा 325 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 11(1)(क) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी श्री हरविंदर सिंह के दिशा-निर्देश में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तरुण कुमार साहू (20 वर्ष) एवं लक्ष्मण साहू (22 वर्ष) निवासी धनियाडोली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका को देखते हुए इस्तगासा क्रमांक 05/34/26 धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, चौकी डिंडौरी प्रभारी सउनि. मनकराम धुव, प्रधान आरक्षक सिद्धेश्वर बंजारे, गुलाब सिंह राजपूत, श्याम डहरिया, सुरेश जांगड़े, आरक्षक मनोज राजपूत, नागेश साहू तथा सैनिक मुन्ना सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
