ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, खुद को पुलिस बताकर की थी वारदात


बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रेलर चालक को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालक को रोककर मोबाइल, नकदी और वाहन के दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई संपत्ति और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसी दिन तड़के करीब 3:10 बजे टोयोटा शोरूम चकरभाठा के पास उसकी ट्रेलर गाड़ी को एक टाटा पंच कार सवार दो युवकों ने रुकवाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रेलर चालक से वाहन की बिल्टी दिखाने को कहा। बिल्टी न दिखाने पर उन्होंने पैसों की मांग की और मोबाइल फोन तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना स्तर पर टीम गठित कर पतासाजी की गई और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में यशराज यादव (22) पिता गिरिराज यादव निवासी पुराना बस स्टैंड के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पास जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर तथा सुमित दुबे (27) पिता कमलेश दुबे निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक विवो कंपनी का मोबाइल, उसके कवर में रखे 1000 रुपये, ट्रेलर वाहन का बिल्टी पेपर तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!