

बिलासपुर। आगामी होली त्योहार को देखते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सख्त अभियान चलाकर बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन थाना, कोनी थाना और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट, गिरफ्तारी वारंट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
सिविल लाइन थाना की कार्रवाई
सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की, जबकि 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई क्षेत्र के बदमाशों पर नजर रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
कोनी थाना की कार्रवाई

कोनी थाना पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों की रोकथाम के लिए दो गुंडा बदमाशों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सिरगिट्टी थाना की कार्रवाई
सिरगिट्टी पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा। साथ ही 3 आरोपियों के कब्जे से 3 धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 2 अन्य आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन पेट्रोलिंग और कार्रवाई जारी रहेगी। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी उठाए जाएंगे।
