सूर्या चौक के पास दंपति ने लगाई फांसी, पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सूर्या चौक स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास सड़क किनारे एक नीम के पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके मिले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जांच में दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा बंधा पाया गया।
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी 26 वर्षीय प्रकाश यादव और उसकी 22 वर्षीय पत्नी पूर्णिमा यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ समय से चिंगराजपारा के कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। प्रकाश रोजी-मजदूरी का काम करता था।
अलग रहने की बात पर था विवाद
जांच में सामने आया है कि पूर्णिमा अपने ससुर दिलहरण यादव से अलग रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। बताया गया कि विवाद के बाद दंपति ने अलग रहने का निर्णय लिया और सामान भी समेट लिया। इसके बाद वे किराए के मकान से बाहर निकले।
कुछ देर बाद दोनों सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास पहुंचे, जहां नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी मौके पर पहुंच गए।
साल भर पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार प्रकाश की शादी करीब एक वर्ष पूर्व गतौरी निवासी पूर्णिमा से हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!