1078 कनेक्शन की जांच, 125 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, 22.60 लाख रुपये का जुर्माना


बिलासपुर। बिजली चोरी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब ग्रामीण क्षेत्रों से आगे बढ़कर शहर के विभिन्न इलाकों तक पहुंच गया है। बिजली विभाग की टीम ने नेहरू नगर, गोलबाजार, सरकंडा, खमतराई और कोटा क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर मीटर बाईपास और डायरेक्ट हुकिंग के मामले उजागर किए हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 1078 बिजली कनेक्शनों की जांच की जा चुकी है। इनमें 125 उपभोक्ता सीधे तौर पर बिजली चोरी करते पाए गए। दोषी पाए गए उपभोक्ताओं पर कुल 22 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
तीन जोन में 65 मामले
नेहरू नगर, गोलबाजार और सरकंडा जोन में 370 कनेक्शनों की जांच के दौरान 65 उपभोक्ता मीटर बाईपास और डायरेक्ट हुकिंग करते पकड़े गए। जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मौके पर मीटर की जांच कर अनियमितताएं दर्ज कीं।
अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम
कार्रवाई अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े, कार्यपालन यंत्री बी.बी. नेताम, अनुपम सरकार और एन.पी. सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। इसके लिए 35 सदस्यीय संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रही है।
बिजली विभाग के बिलासपुर संभाग के ईडी ए.के. अम्बस्थ ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जांच के दौरान सबसे अधिक मामले मीटर बाईपास के सामने आए हैं। पकड़े गए सभी उपभोक्ताओं को पेनल्टी के साथ संशोधित बिल जारी किए जा रहे हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सघन जांच जारी रहेगी और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!