

बिलासपुर। राज्य सरकार के हालिया बजट को लेकर रविवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में शहर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट विकसित और आधुनिक छत्तीसगढ़ की नींव रखने वाला है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर शहर की आवश्यकताओं को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को सरकार ने हरी झंडी दे दी है।
500 करोड़ की नई जल योजना
विधायक अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में शहर को पानी की आपूर्ति अमृत मिशन के तहत खूंटाघाट से की जा रही है, लेकिन बढ़ती आबादी को देखते हुए अतिरिक्त जल स्रोत की व्यवस्था की गई है। पाराघाट में बांध बनाकर पानी लाने की करीब 500 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है, जिसे अगले 8 से 10 दिनों में प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

सीवरेज प्रोजेक्ट में बदलाव
सीवरेज परियोजना में हो रही देरी पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में चट्टानों के कारण ब्लास्टिंग संभव नहीं थी। ऐसे में रूट डायवर्ट कर कार्य पूरा करना ही एकमात्र विकल्प है।
6 माह में शुरू होगा कैंसर संस्थान
अग्रवाल ने दावा किया कि अगले छह महीनों के भीतर बिलासपुर में कैंसर संस्थान शुरू हो जाएगा। साथ ही सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।
MSME ट्रेनिंग सेंटर का विवाद सुलझा
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले MSME ट्रेनिंग सेंटर के लिए जमीन का विवाद समाप्त कर लिया गया है। इससे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बजट में बिलासपुर को क्या मिला

◼ 32 किमी बाईपास को मंजूरी
भारी वाहनों के दबाव से शहर को राहत देने के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाईपास को स्वीकृति मिली है। इसके लिए केंद्र सरकार से 500 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सांसद तोखन साहू के प्रयासों से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना को मंजूरी दी। यह बाईपास बहतराई से चौकसे कॉलेज और सिलपहरी से बोदरी तक राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा।
◼ फ्लाईओवर और अंडरपास
उस्लापुर में मौजूदा फ्लाईओवर के बाजू में नया फ्लाईओवर बनेगा।
महाराणा प्रताप चौक से व्यापार विहार के बीच 3 अंडरपास और 4 आरओबी का निर्माण होगा।
कुदुदंड से तिलक नगर की ओर नया अंडरपास बनाया जाएगा।
◼ अधूरे प्रोजेक्ट फिर होंगे शुरू
साल 2018 से रुके हुए दो बराज, साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम और ट्रेनिंग सेंटर का कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बिलासपुर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, भारी वाहनों से शहर को राहत मिलेगी और बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार आएगा।
