

मस्तूरी (बिलासपुर)। मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी में एक युवती द्वारा प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मल्हार चौकी क्षेत्र की रहने वाली युवती का ग्राम धनगवां निवासी 33 वर्षीय राजू लहरिया के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती लगातार राजू पर शादी करने का दबाव बना रही थी। 24 फरवरी को युवती राजू के साथ उसके घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। जब युवती ने विवाह की बात की तो राजू ने शादी से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती उसके घर पर ही रुक गई, जबकि राजू घर छोड़कर चला गया और युवती के फोन कॉल उठाना भी बंद कर दिया।

घटना की रात युवती ने राजू के माता-पिता के साथ भोजन किया और उसके कमरे में सोने चली गई। गुरुवार देर रात उसने कमरे के रोशनदान के एंगल में स्कार्फ बांधकर फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां युवती का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मर्ग कायम कर जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी राजू लहरिया द्वारा पिछले तीन वर्षों से युवती का शारीरिक शोषण किया जा रहा था। शादी से इनकार किए जाने से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। मामले में आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने एवं दुष्कर्म की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिससे वह मृतका से बातचीत करता था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने चौकी का घेराव कर आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
