

बिलासपुर। शनिचरी रपटा बराज में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने साजिश रचने और आरोपियों को उकसाने वाले सैफ खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 30 जनवरी को हटरी चौक निवासी अमन उर्फ शानू खान की हत्या की साजिश सैफ ने ही रची थी।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि सैफ खान घटना से एक सप्ताह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद उसने पुरानी रंजिश के चलते वारदात की योजना बनाई और अन्य आरोपियों को इसके लिए उकसाया। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी।
मृतक के परिजनों ने भी आरोप लगाया है कि घटना के दिन यह अफवाह फैलाई गई थी कि शानू खान एक सप्ताह पहले जेल से रिहा हुआ है, जबकि यह जानकारी पूरी तरह गलत थी। पुलिस का कहना है कि इस भ्रामक सूचना का उपयोग वारदात को अंजाम देने के लिए माहौल बनाने में किया गया।
पुलिस ने सैफ खान को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
