

बिलासपुर। तोरवा रेलवे परिक्षेत्र की बाबू लाइन कॉलोनी में रहने वाले एक रेल अधिकारी से डरा-धमकाकर लाखों रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रेलवे के मुख्य कार्मिक कार्यालय में पदस्थ ऑफिस सुप्रीटेंडेंट गजाधर सिंह (49) ने एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि देवरीखुर्द निवासी हेमंत करवा नामक युवक ने पहले मदद के नाम पर कर्ज देकर उनसे दोस्ती की। इसके बाद वह लगातार दबाव बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलने लगा। पीड़ित के अनुसार वह मूल राशि और भारी ब्याज चुका चुके हैं, इसके बावजूद आरोपी द्वारा उगाही जारी है।
धमकी, ब्लैकमेल और जबरन फाइनेंस
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने खुद को मर्डर केस का आरोपी बताकर जान से मारने की धमकी दी। एक बार पिस्तौल दिखाकर डराया और जबरन वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। आरोपी रेलवे कार्यालय तक पहुंचकर उन्हें सबके सामने बाहर ले जाता था और मानसिक दबाव बनाता था।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने दबाव डालकर अपनी पत्नी के नाम पर पल्सर 220 और एक दोस्त के नाम पर बुलेट बाइक फाइनेंस करवाई। इन दोनों वाहनों का डाउन पेमेंट और किस्तें भी उनसे भरवाई गईं। इतना ही नहीं, अब आरोपी बाइक की मरम्मत का खर्च भी मांग रहा है।
75 हजार की नई मांग
पीड़ित के अनुसार 25 फरवरी को आरोपी कार्यालय में घुस आया, गाली-गलौज की और 75 हजार रुपये देने पर पीछा छोड़ने की शर्त रखी। साथ ही पूरे परिवार को गांजा के झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
लगातार प्रताड़ना के कारण पीड़ित की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। वेतन कटने लगा, बैंक लोन की किस्तें रुक गईं और उनकी एक्टिवा तक गिरवी रखनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तोरवा थाना पुलिस ने उगाही, धमकी और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
