
शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के एक हिस्से में संचालित इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते गोदाम में रखे लाखों रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकने में जुटे रहे। एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट के अन्य निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
