गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): सोशल मीडिया और यूट्यूब पर इस्लाम पर बेबाक टिप्पणी के लिए चर्चित एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वारसी उर्फ “सलीम वास्तिक 0007” पर शुक्रवार को जानलेवा हमला किया गया। घटना गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित अली गार्डन कॉलोनी में उनके कार्यालय में हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने घुसकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने सलीम का गला रेत दिया और पेट में भी चाकू से कई वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सलीम को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सलीम वारसी (लगभग 50 वर्ष) लोनी क्षेत्र के अली गार्डन में निवास करते हैं और यूट्यूब पर “सलीम वास्तिक 0007” नाम से चैनल संचालित करते हैं। उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वे अपने वीडियो में इस्लाम और उससे जुड़ी सामाजिक कुरीतियों पर आलोचनात्मक टिप्पणी करते रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उनके कुछ वीडियो को लेकर आपत्ति भी जताई जाती रही थी और उन्हें कथित रूप से धमकियां मिलती थीं।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सोशल मीडिया पर सलीम के निधन की अपुष्ट खबरें भी प्रसारित हो रही हैं, हालांकि पुलिस या अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!