

बिलासपुर। थाना सरकण्डा पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संचालक सहित पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला अप.क्र. 259/2026 धारा 4, 21(1), 21(2), 27 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्यन पब्लिक स्कूल के पास एक मकान में चोरी-छिपे हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सरकण्डा पुलिस ने दबिश दी, जहां अथर्व पाण्डेय उर्फ शुभ उर्फ चिकू (18) अपने घर में साथियों के साथ हुक्का बार चलाते मिला। मौके पर विनित एलानी (24), किन्सु विश्वास (18), यथार्थ कश्यप (18) और समीर पटेल (19) भी हुक्का पीते पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हुक्का पॉट, एक कोल हीटर, फ्लेवर का डिब्बा तथा अन्य हुक्का सामग्री जब्त की। बताया जा रहा है कि प्रतिघंटा 500 रुपए लेकर सिगरेट-तंबाकू युक्त फ्लेवर से हुक्का पिलाया जा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
