“ऑपरेशन प्रहार” के तहत सकरी पुलिस की कार्रवाई, ब्राउन शुगर व गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर और गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 19,500 रुपए कीमत का मादक पदार्थ एवं मोबाइल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 206/2026 धारा 21(ए), 22(ए), 20(ए), 27, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों के पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर (कीमत 3,500 रुपए), 25 ग्राम गांजा (कीमत 1,000 रुपए) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत 15,000 रुपए) बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी:
हामिद अंसारी (33 वर्ष), निवासी तैयबा चौक तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर
अमन तिवारी (24 वर्ष), निवासी अभिषेक नगर मंगला, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर
ईशांत सिंह मंडलोई (24 वर्ष), निवासी रामालाईफ कॉलोनी सकरी, थाना सकरी, बिलासपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
27 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि हामिद अंसारी आसमा सिटी, मेण्ड्रा रोड पर ब्राउन शुगर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और तलाशी में उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर व एक मोबाइल जब्त किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईशांत मंडलोई और अमन तिवारी के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर, गांजा एवं देशी पिस्टल खरीदकर बिलासपुर में बिक्री करता था तथा नशीला सामान ईशांत के घर में रखता था। पुलिस ने रामालाईफ सिटी स्थित ईशांत मंडलोई के मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, 4 चिलम और 2 लाइटर बरामद किए गए। हालांकि किसी प्रकार का अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ।
ईशांत मंडलोई पूर्व से अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 185 एमवी एक्ट के मामले में जेल में निरुद्ध है। पुलिस ने हामिद अंसारी और अमन तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय चौधरी, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार सहित सकरी थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!