

बिलासपुर। मस्तूरी गोलीकांड मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस पूछताछ, दबिश और सर्विलांस के बाद भी दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस ने दोनों के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को 5-5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर 2025 की शाम मस्तूरी क्षेत्र में जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह और उनके रिश्तेदारों पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के दौरान नितेश सिंह ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं। हालांकि कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इसी कड़ी में एसएसपी बिलासपुर ने दोनों फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को 5-5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही चकरभाठा क्षेत्र से लापता एक नाबालिग के अपहरणकर्ता की जानकारी देने पर भी 5 हजार रुपए इनाम घोषित किया गया है।
इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना:
एसएसपी कार्यालय बिलासपुर: 07752-223330
एएसपी ग्रामीण बिलासपुर: 07752-223193, 9479193003
पुलिस कंट्रोल रूम: 07752-228504
थाना मस्तूरी: 9479193040
थाना प्रभारी चकरभाठा: 9479193041, 9479193099
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
