कोटवार सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए आईजी रामगोपाल गर्ग, 30 कोटवारों को किया सम्मानित


मुंगेली, 26 फरवरी 2026।
जिला कलेक्ट्रेट के जनदर्शन सभाकक्ष में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम “पहल” के अंतर्गत कोटवार सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 ग्राम कोटवारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना के तहत 45 वर्ष से कम आयु के जिले के समस्त कोटवारों के लिए आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर कुंदन कुमार, जिला कलेक्टर मुंगेली एवं भोजराम पटेल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भी उपस्थित रहे।


प्रशिक्षण में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान कोटवारों को ग्राम व्यवस्था के अनुरूप मुसाफिरी दर्ज करने, ग्रामीण क्षेत्रों में आसूचना संकलन, अपराध होने पर साक्ष्य संरक्षण में भूमिका, यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव तथा भीड़ नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। रक्षित केंद्र मुंगेली में योग एवं व्यायाम के माध्यम से शारीरिक दक्षता भी बढ़ाई गई।
डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा पुलिस के “साइबर प्रहरी” अभियान से जुड़कर ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्राम स्तर पर मुनादी कर जागरूकता फैलाने की भूमिका भी स्पष्ट की गई। चुनाव के दौरान विशेष पुलिस अधिकारी के दायित्वों की जानकारी भी दी गई।


आईजी ने कहा—कोटवार गांव की मूल इकाई
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि कोटवार गांव की पुलिस एवं राजस्व विभाग की मूल इकाई है। वह गांव के प्रत्येक परिवार, भूमि संबंधी जानकारी तथा बाहरी व्यक्तियों के आगमन की सूचना रखता है, जो बेसिक पुलिसिंग में अत्यंत सहायक है। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कोटवारों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें यातायात नियमन, साइबर अपराधों की पहचान, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों की जानकारी तथा भीड़ प्रबंधन के व्यावहारिक तरीके सीखने को मिले।
इस अवसर पर डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर जिला दंडाधिकारी निष्ठा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित पुलिस अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं जिले के ग्राम कोटवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!