शराब के नशे में कार दौड़ाते चाकू लहराने वाले तीन युवक गिरफ्तार


बिलासपुर। सकरी पुलिस ने शराब के नशे में तेज रफ्तार से थार कार चलाते हुए चाकू लहराने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक थार वाहन और तीन धारदार चाकू जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कार क्रमांक CG 10 BW 6664 में सवार तीन युवक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए दुर्घटना कर भाग रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने आसमा सिटी फेस-2 मेन्ड्रा रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर हाथों में लोहे के धारदार चाकू लहराते हुए भागने लगे, जिन्हें मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ईशांत सिंह मंडलोई उर्फ निशांत उर्फ प्रिंस (24) निवासी रामा लाइफ सकरी, शैलेन्द्र उर्फ मोनू सिंह (33) निवासी कालीका नगर तिफरा तथा राहुल तिवारी (26) निवासी उस्लापुर शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!