हाईवे पर ट्रेलर की ठोकर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल

शशि मिश्रा


बिलासपुर। नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सलखा (बेलतरा) निवासी रामायण कश्यप (55 वर्ष) अपनी पत्नी गीता कश्यप (52 वर्ष) के साथ मोपेड क्रमांक CG 12 BU 9771 से सुबह करीब 9:30 बजे बेलतरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हाईवे-130 पर पहुंचे, बिलासपुर की ओर से कोरबा जा रहे ट्रेलर क्रमांक CG 12 AU 2454 ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि मोपेड के पीछे बैठी गीता कश्यप उछलकर ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रामायण कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर भीड़ लगी रही। रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!