यादव समाज की लड़की का मुस्लिम युवक के साथ प्रेम प्रसंग पर आधारित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में सर्व यादव समाज की रैली, रिलीज रोकने सौंपा ज्ञापन


बिलासपुर में प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 27 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म के विरोध में बुधवार को सर्व यादव समाज ने शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेहरू चौक से कलेक्टोरेट तक मार्च कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
प्रेम प्रसंग को लेकर आपत्ति
ज्ञापन में बताया गया कि निर्माता संदीप तोमर और निर्देशक अंकित भड़ाना की इस फिल्म में यादव समाज की युवती और मुस्लिम समाज के युवक के बीच प्रेम प्रसंग को दर्शाया गया है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि फिल्म का शीर्षक और किरदार यादव समाज के नाम पर आधारित हैं, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं।
सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष डीसी यादव और जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने कहा कि फिल्म में दिखाया गया कथानक समाज की बहन-बेटियों की छवि को प्रभावित करता है। उनका कहना है कि किसी भी समाज की पहचान को इस प्रकार प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की। रैली में राम यादव, सरजू यादव, मंजीत यादव, शैलेंद्र यादव, रोहित यादव, आशीष यादव, आयुष यादव, तरुण यादव, सुखनंदन यादव, विक्की यादव और प्रवीण यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
आंदोलन की चेतावनी
समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म की रिलीज पर रोक नहीं लगाई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि सर्व यादव समाज संविधान और कानून व्यवस्था का सम्मान करता है, लेकिन समाज की गरिमा और अस्मिता की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना आवश्यक है।
फिल्म की रिलीज को लेकर देश के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!