हत्या का फरार आरोपी 55 मिनट में किया गया गिरफ्तार

शशि मिश्रा

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने सूचना मिलने के बाद 55 मिनट के अंदर हत्या के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ विभाग की ओर से आपरेशन रेल प्रहरी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राज्य पुलिस एवं अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सतत समन्वय एवं सूचनाओं के अदान प्रदान के माध्यम से ट्रेन व स्टेशन परिसर में होने वाले गंभीर अपराध की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ के लिए किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आरपीएफ की टीम को सूचना मिली कि ग्राम बाकल थाना लालबाग राजनांदगांव में दर्ज हत्या प्रकरण का एक आरोपी फरार हो गया है, जिसके ट्रेन से जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही मंडल टास्क टीम तथा अपराध गुप्तचर शाखा सीआईबी को आरोपी के हुलिए एवं उपलब्ध फोटोग्राफ के आधार पर खोजबीन एवं सघन जांच के निर्देश दिए गए। निरीक्षक एनपी पाण्डेय के नेतृत्व में मंडल टास्क टीम, रेसुब पोस्ट एवं सीआईबी के बल सदस्यों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात 11.45 बजे 68862 झारसुगुड़ा से गोंदिया के बीच चलने वाली जेडी पैसेंजर में सघन जांच की। जांच के दौरान बाकल थाना लालबाग राजनांदगांव निवासी आरोपी उदय उर्फ राज सिन्हा 22 वर्ष को पूछताछ एवं पहचान के बाद तत्काल ट्रेन से उतारकर उच्चाधिकारियों एवं संबंधित पुलिस को सूचना दी गई। पकड़े गए आरोपी को भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत आगे की विधिक कार्रवाई हेतु बाघनदी थाना प्रभारी को विधिवत सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!