
शशि मिश्रा

बिलासपुर। फर्जी क्राइम ब्रांच के सिपाही बनकर बाइक सवार दो युवकों ने लूट की वारदात होने का भय दिखाकर एक बुजुर्ग से 3 तोला सोने की चेन, अंगूठी ठगी कर कागज की पुड़िया में पत्थर थमा दिया और भाग गए। पुलिस ने मामले में अपराध कायम कर लिया है।
सिविल लाइन थाना के एसआई अमृत साहू ने बताया, रूखमणी विहार निवासी हरिकिशन पटेल 66 साल का बेटा लिंक रोड में किराना दुकान चलाता है। 25 फरवरी की दोहपर 2.30 बजे वे बेटे को टिफिन देने के लिए दुकान गए थे। टिफिन देने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। समता कालोनी के पास उनकी स्कूटी को ओवरटेक करते हुए बाइक सवारों ने रोका, इन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी बताते हुए कहा शहर बहुत लूट की वारदात हो
रही है और दूसरे युवक को एक झापड़ मारकर सोने की चेन उतरवाकर उसे थमा दिया। उसके बाद उक्त बाइक सवार युवक चला गया। उसके बाद दोनों युवकों ने श्री पटेल को ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने की बात कहते हुए उनसे भी कहा शहर में बहुत लूट हो रही है। सोने के जेवर पहनकर मत घूमो। उन्होंने उनके से 3 तोला सोने की चेन व अंगूठी निकलवाकर एक कागज में रख दिया। उसके बाद उनकी आंखों में धूल झोंकते हुए दूसरी कागज की पुड़िया उन्हें थमाकर घर जाकर खोलने कहा और दोनों बाइक सवार चले गए। श्री पटेल घर जाकर कागज की पुड़िया खोलकर देखे तो उसमें पत्थर रखा हुआ था। श्री पटेल ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया है।
