

थाना कोटा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) पुलिस ने घर में घुसकर एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 333, 296, 351(2) एवं 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान के तहत सभी प्रकार के अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में इस प्रकरण में कार्रवाई की गई।
पुराने विवाद को लेकर की मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 को प्रार्थिया ने थाना कोटा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रेमदास मानिकपुरी ने पुराने विवाद को लेकर उसके घर में घुसकर हाथ-मुक्का एवं चप्पल से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस टीम ने 25 फरवरी 2026 को घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी प्रेमदास मानिकपुरी (28 वर्ष), निवासी ग्राम पथर्रा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उपनिरीक्षक नहारू राम साहू, आरक्षक प्रफुल्ल यादव एवं दीप सिंह कंवर की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
