

बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चेतना अभियान” के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को चौकी बेलगहना थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम कुरूवार में नशामुक्ति, साइबर जागरूकता और सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत कुरूवार के सहयोग से संपन्न हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती माधुलिका सिंह (रा.पु.से.), आईपीएस अधिकारी श्रीमती अंशिका जैन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीण महिला-पुरुषों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं, तथा साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। स्कूली छात्राओं को “गुड टच-बैड टच” के बारे में भी जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने अवैध शराब को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और पुलिस के सहयोग से पूर्ण प्रतिबंध की अपील की। इसी क्रम में ग्राम कुरूवार में महिला कमाण्डों टीम का गठन किया गया, जो गांव को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
पहाड़बछाली की महिला कमाण्डों टीम का सम्मान
कार्यक्रम में बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पहाड़बछाली की महिला कमाण्डों टीम भी उपस्थित रही। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व गठित इस टीम के प्रयासों से ग्राम पहाड़बछाली अवैध शराब से पूर्णतः मुक्त हो चुका है। इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने महिला कमाण्डों टीम को सम्मानित किया।
ग्रामीणों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों की मांग पर अधिकारियों ने शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में ग्राम कुरूवार की सरपंच श्रीमती ललिता पोर्ते, उपसरपंच, ग्राम पहाड़बछाली की सरपंच सुषमा सुनील करसायल, लाला निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष, छात्र-छात्राएं एवं कोटवार उपस्थित रहे।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
चेतना अभियान के इस आयोजन से ग्रामीणों में सकारात्मक वातावरण और उत्साह देखने को मिला तथा अन्य ग्रामों के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने गांवों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
