बिलासपुर में ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन का विस्तार, हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक सख्त कार्रवाई


बिलासपुर। यातायात पुलिस द्वारा शहर में ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन बनाने की दिशा में अभियान को और तेज कर दिया गया है। पूर्व निर्धारित चार सेक्टरों के बाद अब पांचवां सेक्टर घोषित करते हुए हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक क्षेत्र में सघन कार्रवाई की गई।


भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देश तथा पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में 1 जनवरी 2026 से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में नियमों के पालन को लेकर जनजागरूकता और सख्ती दोनों पर जोर दिया जा रहा है।


नवीन सेक्टर-05 में सार्वजनिक अनाउंसमेंट के माध्यम से नागरिकों और व्यापारियों को समझाइश दी गई। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण, फुटपाथ पर अवरोध और सड़क को संकीर्ण करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। संयुक्त टीम ने अतिरिक्त निर्माण और अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई भी की।
इस दौरान बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, एलईडी और अन्य विज्ञापन बोर्ड जब्त कर नष्ट किए गए। दुकान संचालकों को अपने व ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा सड़क पर विक्रय सामग्री न फैलाने के निर्देश दिए गए। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 26 फरवरी 2026 को उक्त क्षेत्र में पुनः सघन अभियान चलाया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान में डीएसपी शिवचरण परिहार, नगर निगम के जोन कमिश्नर, टैंगो अभय खलखों सहित यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!