

बिलासपुर। शहर के कतियापारा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक युवक ने नशे की हालत में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। समय रहते पड़ोसियों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा उदई चौक की है। जानकारी के अनुसार अभय पांडेय (30) शराब का आदी बताया जा रहा है। करीब 15 दिन पहले उसकी पत्नी घरेलू विवाद के चलते मायके चली गई थी।
रविवार दोपहर लगभग 2:30 बजे अभय नशे में घर पहुंचा और कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल युवक को छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक वह लगभग 40 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना घरेलू विवाद और शराब की लत से जुड़ी बताई जा रही है।
