पाना नहीं तो पानी नहीं: वाल्व खराबी से पांच वार्डों में जल संकट, अमृत मिशन की मरम्मत से भी सप्लाई प्रभावित


बिलासपुर। शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पटवारी प्रशिक्षण शाला (पीटीएस) के पास स्थित पानी टंकी का वाल्व खराब होने से पिछले एक सप्ताह से पांच वार्डों में पानी की सप्लाई प्रभावित है। हैरानी की बात यह है कि मरम्मत के लिए जरूरी ‘पाना’ उपलब्ध नहीं होने के कारण सुधार कार्य अटका हुआ है।
पांच वार्डों में कम सप्लाई
पीटीएस टंकी से वार्ड क्रमांक 50, 53, 54, 55 और 56 के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति होती है। वाल्व खराब होने के कारण इन इलाकों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। वार्ड 53 की निवासी मीना बाई देवांगन ने बताया कि एक सप्ताह से नलों में पूरा पानी नहीं आ रहा, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। वार्ड 54 के रतन यादव ने कहा कि शाम के समय स्थिति और खराब हो जाती है तथा कई परिवारों को बोरिंग वाले घरों से पानी लाना पड़ रहा है।


100 रुपये के पेट्रोल पर अटका समाधान
जानकारी के अनुसार, मरम्मत के लिए जरूरी पाना कुदुदंड स्थित पंप हाउस में है। उसे लाने-ले जाने में करीब 100 रुपये का पेट्रोल खर्च होगा। पंप ऑपरेटर ठेके पर कार्यरत हैं और लगभग 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी पाते हैं, ऐसे में वे अपनी जेब से खर्च करने को तैयार नहीं हैं। जोन कार्यालय में भी पाना उपलब्ध नहीं है, जिससे एक छोटे औजार की कमी के कारण पांच वार्डों की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
सुपरवाइजर रोशन कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह सप्लाई हुई थी, लेकिन शाम को पाना टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। पाना को मरम्मत के लिए भेजा गया है और मंगलवार तक मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद नियमित सप्लाई बहाल होगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता
वार्ड 50 के पार्षद जय वाधवानी ने कहा कि छोटी-मोटी दिक्कतें वे स्वयं के खर्च से ठीक कराते हैं। वार्ड 53 की पार्षद रेखा सूर्यवंशी ने बताया कि शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पाना खराब होने की जानकारी नहीं थी। वार्ड 55 के पार्षद पति विजय यादव ने मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
मेयर पूजा विधानी ने कहा कि पाना नहीं होने से सप्लाई बाधित होना गंभीर लापरवाही है। जोन कमिश्नर से चर्चा कर जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने भी कहा कि यदि औजार की कमी से सप्लाई रुकी है तो तत्काल समाधान किया जाएगा।
अमृत मिशन की मरम्मत से 22 टंकियों की सप्लाई प्रभावित
इधर, अशोक नगर चौक में अमृत मिशन की मुख्य लाइन की मरम्मत कार्य के चलते भी जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 13 जनवरी को खोदी गई सड़क मैकेनिकल ज्वाइंट और रबर गास्केट की कमी के कारण अब तक अधूरी पड़ी थी। नया ज्वाइंट कोलकाता से मंगाया गया है और 24 फरवरी से मरम्मत शुरू होगी।
1000 मिमी व्यास की पाइपलाइन सुधार के लिए बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 23 फरवरी रात 11 बजे से जल प्रदाय बंद रहेगा। 24 से 25 फरवरी की शाम तक अमृत मिशन की 22 टंकियों से कम मात्रा में पानी की सप्लाई होगी। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
एक ओर छोटे औजार की कमी और दूसरी ओर बड़ी पाइपलाइन मरम्मत—दोनों कारणों से शहरवासियों को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि नगर निगम कितनी तेजी से स्थिति सामान्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!