राजधानी रायपुर में पशु क्रूरता का दिल दहला देने वाला मामला , कुत्ते पर डाला खौलता पानी


रायपुर (छत्तीसगढ़), 24 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर में दो पालतू कुत्तों के साथ मारपीट और उनमें से एक को उबलते पानी से झुलसाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो एक पड़ोसी द्वारा साझा किए जाने के बाद मामला उजागर हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य विचलित करने वाले बताए जा रहे हैं।
स्थानीय स्वयंसेवकों वंचना लाबन, दीपेश मौर्य और उर्जा शृंगारपुरे ने मौके पर पहुंचकर कुत्तों की स्थिति देखी और गंभीर चिंता व्यक्त की। आरोप है कि एक कुत्ते को उबलते पानी से झुलसाया गया, जबकि दोनों के साथ मारपीट की गई।
मामले की जानकारी मिलने पर People for the Ethical Treatment of Animals (PETA इंडिया) ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन की शिकायत पर खमरडीह थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 325 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह धारा पशु को अपंग करने या मारने को संज्ञेय अपराध मानती है, जिसमें पांच वर्ष तक के कारावास, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। PETA इंडिया ने पुलिस से पीड़ित कुत्तों को तत्काल सुरक्षित जब्ती में लेकर समुचित चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि आगे किसी संभावित क्षति को रोका जा सके।

इस घटना ने पशु-क्रूरता के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना आवश्यक है, क्योंकि पालतू पशु संवेदनशील जीव होते हैं और उनके प्रति क्रूरता समाज की संवेदनशीलता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि जांच और आगे की कार्रवाई कितनी तेजी से आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!