पुलिस परिवार की बेटियों ने रचा इतिहास: सिविल जज बनीं स्वाति पैकरा, संध्या कौशिक को 5 गोल्ड मेडल, आईजी ने किया सम्मान


बिलासपुर। पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा की सुपुत्री कुमारी स्वाति पैकरा ने प्रथम प्रयास में सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर रामगोपाल गर्ग (पुलिस महानिरीक्षक) ने 24 फरवरी 2026 को अपने कार्यालय में स्वाति को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।


स्वाति पैकरा ने डी.पी. विप्र कॉलेज से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और पहले ही प्रयास में सिविल जज परीक्षा में सफलता प्राप्त की। वे अपने पिता तथा जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां उनकी सफलता की औपचारिक जानकारी दी गई। इस अवसर पर आईजी गर्ग ने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आएंगी, लेकिन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही सच्ची सफलता है। बेटी को सम्मानित होते देख उनके पिता भावुक हो उठे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने भी स्वाति को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की बेटी को न्यायाधीश के पद पर देखना अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने पूरे पुलिस परिवार की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


इसी अवसर पर प्रधान आरक्षक (चालक) उमाकांत कौशिक की पुत्री कु. संध्या कौशिक को भी सम्मानित किया गया। संध्या ने कक्षा 12वीं में प्रदेश में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए थे और नीट परीक्षा में चयन के बाद छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। एमबीबीएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें कुल पांच गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, जिनमें आप्थैल्मोलॉजी में सर्वोच्च अंक, डॉ. रमेश चन्द्र तिवारी मेमोरियल धन्वंतरि गोल्ड मेडल और डॉ. श्रुति चंद्राकर मेमोरियल गोल्ड मेडल शामिल हैं। वर्तमान में वे केयर हॉस्पिटल में रेडियोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने संध्या कौशिक और उनके अभिभावकों को भी बधाई देते हुए स्मृति-चिन्ह प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बावजूद पुलिस परिवार के बच्चे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे विभाग के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा और करियर के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) अमित कुमार ने भी स्वाति पैकरा के सिविल जज के रूप में चयन और संध्या कौशिक की शैक्षणिक उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों बेटियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई दी।
पुलिस परिवार की इन दोनों बेटियों की उपलब्धियों से विभाग में हर्ष और गौरव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!