नौकरी के नाम पर 25 लाख की ठगी, तीन साल से फरार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। थाना हिर्री पुलिस ने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजा भैया लहरे (26 वर्ष) निवासी ग्राम छैडोलिया, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ थाना मुलमुला में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 भी दर्ज था।
मामले में प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50 वर्ष) निवासी चंडीपारा उरईहा पामगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसके पुत्र राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17 लाख 65 हजार रुपये और 7 लाख 35 हजार रुपये, कुल 25 लाख रुपये ठग लिए। रकम लेने के बाद अक्टूबर 2023 से वह फरार हो गया था।
बताया गया कि जब प्रार्थी ने अपने पैसे की मांग की तो आरोपी ने परिजनों पर दबाव बनाकर थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। बाद में प्रार्थी द्वारा न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेश से थाना हिर्री में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर 20 फरवरी 2026 को ग्राम छैडोलिया, थाना मुलमुला क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 75 हजार रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!