

बिलासपुर। थाना हिर्री पुलिस ने नेशनल हाईवे पर महिला से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें 23 फरवरी 2026 को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने लिखित शिकायत में बताया कि 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने पति और बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम पण्डरभट्ठा से ससुराल रहंगी जा रही थी। जैसे ही वे भोजपुरी टोल प्लाजा पार कर रहे थे, पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पीड़िता की ओर अभद्र इशारे किए और मोटरसाइकिल के पास आकर छेड़छाड़ करते हुए हाथापाई की। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने धारा 74, 78(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों रामभरोष निषाद (22) और चन्द्रशेखर यादव उर्फ छोटू (19), निवासी धौराभाठा को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 1401 भी जब्त कर ली गई है।
दोनों आरोपियों को 23 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
