DMF फंड प्रकरण: आरोपी अनिल टुटेजा गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर


रायपुर। डीएमएफ (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) फंड से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच एजेंसी ने आरोपी अनिल टुटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी अपराध क्रमांक 02/2024 में विस्तृत विवेचना के बाद की गई है।
जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों और विभिन्न व्यक्तियों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि आरोपी ने डीएमएफ निधि से संबंधित कार्यों में अपने परिचित व्यक्तियों और फर्मों को कमीशन लेकर कार्य दिलवाने तथा आवंटन कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने रिश्तेदारों और निकट संबंधियों के माध्यम से विभिन्न फर्मों को डीएमएफ मद के कार्य दिलाने के लिए कमीशन आधारित नेटवर्क संचालित किया। बताया जा रहा है कि संबंधित जिलों में भी कमीशन लेकर कार्य आवंटन की गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं।
उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध शासकीय धन के दुरुपयोग, आपराधिक षड्यंत्र तथा भ्रष्ट आचरण से जुड़े संज्ञेय अपराध प्रथम दृष्टया स्थापित पाए गए हैं।
जांच एजेंसी ने आरोपी को विधि अनुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे 26 फरवरी 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!