डांस के दौरान धक्का लगने के मामूली विवाद में बैंड बाजा वालों ने दुल्हन के भाई को दौड़ा-दौड़ा कर मारा चाकू, नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार


धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथीडीह में चौथिया परघनी रस्म के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बैंड वालों के साथ कहासुनी के बाद हुई चाकूबाजी में दुल्हन के सगे भाई चंदन निषाद की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे 5 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी दौड़-दौड़कर लोगों पर चाकू से हमला करते नजर आ रहे हैं।
धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद
एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्राम मालगांव (गरियाबंद) निवासी टेटकूराम निषाद (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। 21 फरवरी को वे अपनी बेटी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने परिवार और परिचितों के साथ भोथीडीह आए थे।
रात करीब 8 बजे बाजार चौक के पास परघनी रस्म के दौरान नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान चंदन निषाद और कुछ अन्य लोगों का बैंड वालों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि बैंड पक्ष के लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर चंदन निषाद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल चंदन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में तरुण सहित पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
2 नाबालिग सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
मगरलोड पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तोषण चक्रधारी (18 वर्ष 4 माह), अभिषेक पटेल (20 वर्ष), हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष 4 माह), ताम्रज कंवर (18 वर्ष 3 माह), गुलाब दीवान (20 वर्ष) और दो नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी भोथीडीह गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना के पीछे वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!