

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार रात करीब 8.30 बजे पुरानी विधानसभा के पास नरदहा क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार सवार पति-पत्नी और चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान तिल्दा निवासी राजकुमार शर्मा (66), उनकी पत्नी पद्मा शर्मा और कार चालक प्रवीण साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पद्मा शर्मा और चालक प्रवीण साहू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बाइपास सर्जरी के बाद लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा 10 फरवरी से MMI Hospital में भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। रविवार शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। वे पत्नी के साथ तिल्दा लौट रहे थे। बड़े बेटे मनोज शर्मा ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक कराई थी। परिवार के मुताबिक, सर्जरी के बाद वे जल्द घर लौटने की इच्छा जता रहे थे।

स्पीड ब्रेकर पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा डीपीएस स्कूल के सामने हुआ। स्पीड ब्रेकर के कारण कार की रफ्तार धीमी थी। उसी दौरान बलौदाबाजार की ओर जा रहा धान लदा ट्रक कार को ओवरटेक कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्टा) टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर बाईं ओर चल रही कार पर पलट गया। ट्रक के साथ धान की बोरियां भी कार पर गिर गईं, जिससे रेस्क्यू में काफी समय लगा।

जेसीबी की मदद से चला रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की सहायता से ट्रक और धान की बोरियां हटाकर कार सवारों को बाहर निकाला गया। तब तक राजकुमार शर्मा की मौत हो चुकी थी। दो अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के लॉकिंग सिस्टम के टूटने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

