अवैध महुआ शराब बिक्री पर बेलगहना पुलिस की कार्रवाई, 24 लीटर शराब जब्त


बिलासपुर। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 24 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब और बिक्री की रकम जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “चेतना अभियान” के तहत नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
22 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर बेलगहना पुलिस ने ग्राम टेंगनमाड़ा करवा, धान मंडी के पास घेराबंदी कर सफीक खान (42 वर्ष), निवासी टेंगनमाड़ा करवा, चौकी बेलगहना थाना कोटा, को अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से दो अलग-अलग जरीकेन और बोतलों में कुल 24 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 2400 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 200 रुपए की बिक्री रकम भी जब्त की गई। कुल जब्ती राशि 2600 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सफीक खान आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ चौकी बेलगहना में पूर्व में भी आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र कुमार पात्रे, आरक्षक धीरज जायसवाल और कौशल बिन्झवार का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!