एसआईआर पूर्ण: घटने की बजाय जिले में 29,031 मतदाताओं की हो गई बढ़ोतरी, अंतिम सूची में 13.41 लाख वोटर


बिलासपुर। चार माह तक चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पूरी हो गई। जारी अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 13,41,254 मतदाताओं को शामिल किया गया है। प्रारंभिक प्रकाशन की तुलना में 29,031 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो लगभग 2.16 प्रतिशत वृद्धि है।
33,341 नए वोटर जुड़े, 6,310 नाम कटे
पुनरीक्षण के दूसरे चरण में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए गए। इस दौरान 33,341 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि फॉर्म-7 के आधार पर 6,310 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इस प्रकार कुल 29,031 मतदाताओं की वृद्धि हुई और संख्या 13,12,223 से बढ़कर 13,41,254 हो गई।
16.75 लाख में से 13.12 लाख ने भरे गणना पत्रक
एसआईआर का पहला चरण 4 नवंबर से शुरू हुआ था। जिले में 16,75,770 मतदाताओं के गणना पत्रक भरवाने का लक्ष्य था। इसके लिए 2028 बीएलओ को घर-घर जाकर सर्वे का दायित्व सौंपा गया। इनमें से 13,12,223 मतदाताओं के गणना पत्रक भरे जा सके, जबकि लगभग 3.63 लाख मतदाता मृत, पते पर अनुपस्थित, दो स्थानों पर पंजीकृत या स्थानांतरित पाए जाने के कारण फॉर्म नहीं भर सके।
23 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया था। इसके बाद 14 फरवरी तक दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया चली।
विधानसभा वार स्थिति
जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में अलग-अलग बदलाव दर्ज किए गए—
बिल्हा: 8,860 नए मतदाता जुड़े, 1,811 नाम कटे
तखतपुर: 3,426 जुड़े, 714 नाम कटे
बिलासपुर: 4,025 जुड़े, 1,380 नाम कटे
बेलतरा: 3,214 जुड़े, 1,184 नाम कटे
कोटा: 7,500 जुड़े, 681 नाम कटे
मस्तूरी: 5,365 जुड़े, 540 नाम कटे
सबसे अधिक नाम बिल्हा विधानसभा में जुड़े, जबकि सबसे कम तखतपुर में। वहीं, नाम कटने के मामले में भी बिल्हा सबसे ऊपर रहा और मस्तूरी में सबसे कम नाम हटाए गए।
भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में अधिक कटौती
जिले में बिल्हा, तखतपुर, बिलासपुर और बेलतरा में भाजपा विधायक हैं, जबकि कोटा और मस्तूरी में कांग्रेस विधायक हैं। आंकड़ों के अनुसार भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में नाम कटने की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रही।
नाम नहीं होने पर ऐसे जुड़वाएं
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के साथ ही 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।
मतदाता अपना नाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic.in तथा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जांच सकते हैं। ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से भी नाम की पुष्टि की जा सकती है।
यदि नाम सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र और आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर आवेदन किया जा सकता है। नाम व अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रति सौंप दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!