कोनी पुलिस को बड़ी सफलता: गुम नाबालिग बालिका पंजाब से सुरक्षित बरामद


बिलासपुर।
जिले के कोनी थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने करीब नौ माह से गुम नाबालिग बालिका को पंजाब राज्य से सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 7 मई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में अपराध क्रमांक 207/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार बालिका की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पता चला कि अपहृता पंजाब राज्य के लखनूर साहिबजादा क्षेत्र में है।
सूचना की पुष्टि के बाद कोनी थाना पुलिस टीम ने दिगर राज्य जाकर पतासाजी की और नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!