

बिलासपुर।
यातायात पुलिस बिलासपुर ने 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली PSC परीक्षा के मद्देनजर विशेष यातायात सलाह जारी की है। शहर के 70 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, परीक्षार्थियों के आगमन और वापसी के दौरान ओवरब्रिज, नदी पुलों, संकीर्ण मार्गों, सड़क क्रॉसिंग, चौक-चौराहों और व्यस्त क्षेत्रों में यातायात दबाव की स्थिति बन सकती है। विशेष रूप से प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तथा शाम 3:00 से 5:00 बजे के बीच ट्रैफिक का दबाव अधिक रहने की संभावना है।
नागरिकों से अपील की गई है कि उक्त समयावधि में आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पूर्व नियोजन करें। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों और उनके परिजनों द्वारा एक साथ निकलने के कारण संकीर्ण मार्गों, पुल-पुलियों और ओवरब्रिज पर जाम की स्थिति बन सकती है।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से संयमित एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
