

बिलासपुर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 594 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी झारसुगुडा (ओडिशा) से गांजा लाकर बिलासपुर में बिक्री की फिराक में था।
मामला थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 20बी, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध गांजा बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास रेलवे अंग्रेजी स्कूल के सामने एक गली में ट्रॉली बैग में गांजा रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
ट्रॉली बैग से मिला गांजा
पकड़े गए युवक की पहचान हिमांशु यादव (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 24, रेलवे कॉलोनी, थाना जीआरपी झारसुगुडा (ओडिशा) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से 10 किलो 594 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक एप्पल कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झारसुगुडा से गांजा लाकर बिलासपुर में बिक्री करने आया था।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक भागीरथी गेंदले, मोहन कोर्राम, महेंद्र सोनकर तथा आरपीएफ निरीक्षक दिनेश कुमार राठौर और आरक्षक अजय कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
