
लोहर्सी। पचपेड़ी क्षेत्र के चिल्हाटी में धान मंडी के पास स्थित दर्री तालाब में शुक्रवार शाम एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लोहर्सी निवासी छोटाला तिवारी (40 वर्ष), पिता त्रिजूगी नारायण तिवारी, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे सेमरा से ट्रैक्टर में ईंट खाली कर वापस लौट रहे थे। चिल्हाटी-सेमहरा मार्ग पर दर्री तालाब के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा पलटा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। घायल दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
