

बिलासपुर। नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय खेल महोत्सव 2026 का दुधिया रोशनी में भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस खेल महोत्सव में रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी उपस्थित रहे।
फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले
फुटबॉल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान के लिए परिचालन विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच मुकाबला खेला गया। परिचालन विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। इंजीनियरिंग विभाग के विश्वनाथ हेम्ब्रम ने एक गोल किया, जबकि परिचालन विभाग की ओर से अजीत मिश्रा और सुमीत लाम्बा ने एक-एक गोल दागे। सुमीत लाम्बा को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
रेलवे के 60 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच महाकाल स्पोर्टिंग क्लब (बाबजी) और एकता स्पोर्टिंग क्लब (के.के. राव) के मध्य भी मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय और पेनाल्टी शूटआउट में बराबरी रहने के बाद टॉस से निर्णय हुआ, जिसमें एकता स्पोर्टिंग क्लब ने जीत दर्ज की। प्रकाश साहू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
फाइनल मुकाबला इलेक्ट्रिकल विभाग और मेकेनिकल विभाग के बीच खेला गया, जिसमें इलेक्ट्रिकल विभाग ने बेहतरीन तालमेल के साथ 2-0 से जीत हासिल की। सुभाष मुंडिया और प्रकाश डिंडा ने एक-एक गोल किया। सुभाष मुंडिया फाइनल के ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
टूर्नामेंट के बेस्ट फॉरवर्ड सतीश मुंडिया (इलेक्ट्रिकल), बेस्ट हाफ प्रकाश डिंडा (इलेक्ट्रिकल), बेस्ट डिफेंडर संजय सामत (इलेक्ट्रिकल), बेस्ट गोलकीपर विकास ठाकुर (एसएंडटी/कंस्ट्रक्शन) तथा ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ मार्क फ्रांसिस (परिचालन) रहे।

अन्य खेलों में भी शानदार प्रदर्शन
कैरम, चेस, टेबल टेनिस, तैराकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कैरम पुरुष एकल में असित कुमार मिश्रा (मेकेनिकल) विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में सुलेखा कुमारी (इंजीनियरिंग) ने बाजी मारी।
चेस में पुरुष वर्ग में राम कुमार कैवर्त (कंस्ट्रक्शन) और महिला वर्ग में शोभा प्रसाद (वाणिज्य) विजेता रहीं।
टेबल टेनिस पुरुष एकल में निखिल सिंह (इलेक्ट्रिकल) तथा महिला वर्ग में दिव्या राणा (एसएंडटी/कंस्ट्रक्शन) विजेता रहीं।

तैराकी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में गिरधारी प्रसाद यादव, शुभम मेहतो, उर्वशी बघेल, शीतल सहित अनेक खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।
समग्र प्रतियोगिता में इलेक्ट्रिकल विभाग ओवरऑल चैंपियन रहा।
गरिमामयी समापन समारोह
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर श्री राकेश रंजन ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक-1 श्री गौरी प्रसाद मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक-2 श्री के. श्रीनिवास राव, वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट श्री रंजन कुमार रुखैयार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सराहना की और इसे कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं पारस्परिक सहयोग के लिए महत्वपूर्ण बताया। अंत में संस्थान के सचिव सी. नवीन कुमार ने आभार प्रदर्शन करते हुए आयोजन की सफल समाप्ति की घोषणा की।
इस प्रकार खेल भावना, उत्साह और सौहार्द के साथ अंतर विभागीय खेल महोत्सव 2026 का सफल समापन हुआ।
