मां महामाया मंदिर कुंड में एक बार फिर चार कछुओं की संदिग्ध मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

यूनुस मेमन


रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर के पवित्र कुंड में एक बार फिर कछुओं की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम कुंड के पानी में चार कछुए मृत अवस्था में पाए गए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
श्रद्धालुओं ने देखे मृत कछुए
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने कुंड में चार कछुओं को मृत देखा। सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। रतनपुर वन परिक्षेत्राधिकारी अपनी टीम के साथ पहुंचे और कछुओं के शवों को कब्जे में लेकर उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
पहले भी हो चुकी है सामूहिक मौत
गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पूर्व इसी कुंड में जाल में फंसने से करीब 30 कछुओं की मौत हो गई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पोस्टमार्टम में अंदरूनी चोटें
मृत कछुओं में एक की उम्र करीब 3 से 4 वर्ष तथा शेष तीन की उम्र 1 से 1.5 वर्ष के बीच बताई गई है। कानन पेंडारी जू के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. पी.के. चंदन द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में प्रारंभिक तौर पर अंदरूनी चोटें सामने आई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कछुओं के निचले हिस्से में 8 से 10 दिन पुराने जख्म पाए गए हैं।
वन विभाग ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद मंदिर कुंड की सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!