

बिलासपुर। कोनी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 6 हजार रुपये मूल्य की शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चुमकवा निवासी ओम प्रकाश खैरवार गांव के रोड किनारे अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले दो पीले प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी ओम प्रकाश खैरवार (32 वर्ष) के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
